राज्य

मप्र स्माल स्केल इंडस्ट्रीज ऑर्गेनाइजेशन की 65वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न, सुबोध जैन बने नए अध्यक्ष

भोपाल| मध्यप्रदेश स्माल स्केल इंडस्ट्रीज ऑर्गेनाइजेशन (MPSSIO) की 65वीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन 17 जुलाई 2025 को भोजपुर क्लब, भोपाल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वर्ष 2025-27 के लिए कार्यकारिणी समिति के नए पदाधिकारियों के चुनाव परिणामों की घोषणा मुख्य चुनाव अधिकारी आर. जी. द्विवेदी एवं चुनाव अधिकारी  मनोज झा द्वारा की गई। इस महत्वपूर्ण सभा में प्रदेश भर से आए लघु एवं मध्यम उद्योग जगत से जुड़े उद्योगपतियों ने भाग लिया।

नई कार्यकारिणी घोषित, 9 राज्य स्तरीय पदाधिकारी चुने गए

MPSSIO की नई कार्यकारिणी में सुबोध कुमार जैन (जबलपुर) को अध्यक्ष चुना गया है। उपाध्यक्ष पद पर मंजीत सिंह चावला (खरगोन) और सुधीर कुमार मिश्रा (कटनी) निर्वाचित हुए हैं। महासचिव के रूप में विपिन कुमार जैन (भोपाल), सचिव पद पर सुनील भार्गव (भोपाल) और सैयद फरीद (बुरहानपुर), कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार मित्तल (ग्वालियर) और संयुक्त सचिव पदों पर राजीव अग्रवाल (मंडीदीप) एवं प्रदीप मित्तल (विदिशा) को चुना गया है।

इसके साथ ही प्रदेशभर से 13 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 13 क्षेत्रीय संयुक्त सचिव, और 20 कार्यकारिणी सदस्य भी निर्वाचित हुए हैं, जो MPSSIO के विविध औद्योगिक क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

संगठन के 65 वर्षों की यात्रा और योगदान

कार्यक्रम में निवृत्तमान अध्यक्ष एवं नव-निर्वाचित महासचिव विपिन कुमार जैन ने अपने स्वागत भाषण में MPSSIO की 1960 से अब तक की विकास यात्रा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने लघु उद्योग निगम की स्थापना से लेकर राज्य स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड के गठन तक हर स्तर पर नीति निर्धारण और सरकारी निर्णयों में सक्रिय भागीदारी निभाई है।

उन्होंने बताया कि आज MPSSIO प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में कार्यरत है और 20 से अधिक औद्योगिक क्षेत्रों – जैसे खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग, फार्मा, आईटी आदि – में अपनी सेवाएं दे रहा है। संगठन का देश की 50 से अधिक राष्ट्रीय औद्योगिक संस्थाओं और 60 राज्य स्तरीय संगठनों से नियमित संवाद है, जिसके माध्यम से MSME की ज़रूरतों और चुनौतियों का समाधान ढूंढने का प्रयास होता है।

नए अध्यक्ष का विज़न – MSME की पहुँच और भागीदारी को दोगुना करना

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुबोध कुमार जैन ने अपने वक्तव्य में संगठन को नेतृत्व सौंपे जाने पर गर्व व्यक्त करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए तीन महत्वपूर्ण लक्ष्यों की घोषणा की:

  1. MPSSIO की पहुँच प्रदेश की हर MSME इकाई तक सुनिश्चित करना।

  2. शासन के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर MSME नीतियों के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना।

  3. MSME की राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में भागीदारी को वर्तमान 30% से बढ़ाकर 60% तक ले जाना, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप।

वार्षिक प्रतिवेदन, बजट व अंकेक्षक की नियुक्ति

सभा में वर्ष 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही कोषाध्यक्ष मुकेश मित्तल ने आय-व्यय पत्रक एवं बैलेंस शीट का प्रस्तुतीकरण किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। आगामी वर्ष 2025-26 के लिए मेसर्स बी.सी.पी. जैन एंड कम्पनी को अंकेक्षक नियुक्त किया गया।

वित्तीय मजबूती और सदस्य सहयोग का आह्वान

सभा के अंत में श्री मंजीत सिंह चावला (उपाध्यक्ष, खरगोन) ने संगठन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों से आर्थिक सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा, “कोई भी संस्था आर्थिक आधार के बिना नहीं चल सकती, इसलिए सभी सक्षम सदस्यों को संगठन की वित्तीय सुदृढ़ता के लिए आगे आना चाहिए।”

कार्यक्रम संचालन और सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष सुधीर मिश्रा एवं सचिव सुनील भार्गव ने कुशलता से किया। कार्यक्रम में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, धार, खरगोन, सनावद सहित प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए प्रमुख उद्योगपतियों और प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

MPSSIO की यह 65वीं वार्षिक साधारण सभा न केवल संगठन की लोकतांत्रिक परंपरा को सुदृढ़ करती है, बल्कि यह भी संकेत देती है कि आने वाले वर्षों में MSME क्षेत्र को संगठित, सशक्त और सशक्तिकरण की दिशा में नई ऊर्जा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button